Saturday, April 18, 2026
No menu items!
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
HomeAdministrationकलक्टर, एसपी की रात्रि चौपाल में दो पक्षों ने लगाए अतिक्रमण सहित...

कलक्टर, एसपी की रात्रि चौपाल में दो पक्षों ने लगाए अतिक्रमण सहित आरोप


Deoli News 12 मार्च (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) ऊंचा पंचायत मुख्यालय पर सोमवार रात आयोजित रात्रि चौपाल उस समय अखाड़ा बन गई, जब पूर्व सरपंच राजेश जैन ने वर्तमान सरपंच पर अतिक्रमण सहित अन्य कई तरह के आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। हालांकि जिला कलक्टर व पुलिस अधीक्षक ने मामले में दखल करते हुए तहसीलदार को पंचायत क्षेत्र के सभी अतिक्रमण का सर्वे कर लिस्ट बनाकर बिना भेदभाव के उचित कार्रवाई करने निर्देश दिए, तब माहौल को शांत हुआ।

जिला कलक्टर राजेंद्र सिंह शेखावत व पुलिस अधीक्षक राजेश कांवट के समक्ष श्याम नगर व ज्योति कॉलोनी के लोगों ने चारों ओर खाली प्लाटों में भरे गंदे पानी सहित नालियों की समस्या बताई। नाली निर्माण की मांग की तथा चंबल परियोजना से पानी दिलवाने का मुद्दा भी उठाया। श्रीनीलकंठ महादेव मंदिर सेवा समिति के सदस्यों द्वारा महादेव मंदिर के समीप सरकारी भूमि पर एक जने द्वारा मकान बनाने का आरोप लगाया। मीणा समाज धर्मार्थ ट्रस्ट ने भी छोटे तालाब के उत्तर दिशा में अतिक्रमियों द्वारा कब्जा करने के कारण पर्यावरण को क्षति पहुंचाने का आरोप लगाया। ग्रामीणों ने ऊंचा में बालिका स्कूल खोलने की भी मांग की। सरपंच के खिलाफ अतिक्रमण की शिकायत करने वालों में पंचायत समिति सदस्य दिनेश माली, पूर्व सरपंच जयसिंह मीणा, पूर्व सरपंच राजेश जैन, पूर्व उप सरपंच सुरेश मीणा, राजेश कुमार शर्मा, जयराम मीणा, चंद्रसिंह मीणा, भूपेंद्र सिंह राणावत, बलराजसिंह राणावत, शैतान मीणा सहित थे।

पानी की समस्या का समाधान करने के दिए निर्देश

यहां श्याम नगर व ज्योति कॉलोनी के लोगों ने पानी की समस्या बताई। तब चंबल परियोजना व जल जीवन मिशन के अधिकारी अपनी बला एक दूसरे पर डालते नजर आए। इस दौरान जिला कलक्टर शेखावत ने निर्देशित किया कि लोगों की समस्या का समाधान करना सरकार की प्राथमिकता है। दोनों विभाग सामंजस्य बनाकर लोगों को पेयजल उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करें। योजना बनाकर मेरे पास भेजें, ताकि लोगों को राहत मिल सके। इस दौरान पेराफेरी एरिया को पालिका में मिलाने की बात पर कन्नी काट गए कलक्टर।

अवैध बजरी परिवहन पर यह बोले एसपी

शाहपुरा पुलिस अधीक्षक राजेश कांवट ने अवैध बजरी परिवहन व गठित एसआईटी के मामले में कहा कि पुलिस अपनी जिम्मेदारियां से मुंह नहीं मोड़ती है। अवैध बजरी परिवहन दिखाई देने पर पुलिस समय-समय पर कार्रवाई करती है तथा एसआइटी भी समय समय पर कार्रवाई करती रहती है। आगे भी पुलिस अवैध बजरी परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करती रहेगी। रात्रि चौपाल में अतिक्रमण सहित खेल मैदान बनाने, नाम दुरुस्तीकरण करवाने, राजस्व रिकॉर्ड सही करने, आवासीय लोगों की कालोनी को आबादी भूमि घोषित करने, खेल मैदान बनवाने, पार्क निर्माण करवाने, पानी की समस्या, लाइट की समस्या सहित कई प्रकार की समस्याओं के परिवाद मिले।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

%d