Deoli News 6 अप्रैल (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के शनिवार को देवली दौरे के तहत नेकचाल तालाब सुरक्षा दीवार को लेकर ग्रामीणों का विरोध फुट सकता है। गत 7 वर्षों से शहर व ग्रामीण क्षेत्र की राह का रोड़ा बनी नेकचाल तालाब की पाल का समाधान नही हो पाया है।
त्रिस्तरीय जनसुनवाई के बाद भी समस्या बरकरार है। उपखण्ड मुख्यालय को देवली गांव पंचायत समेत आसपास के कई गांवों की राह में नेकचाल तालाब सुरक्षा दीवार का काम नही होने से आमजन परेशान है। विधानसभा चुनाव में मतदान बहिष्कार की चेतावनी के बाद नेकचाल पाल के खसरा 4106 का कलक्टर आदेश पर डीजीपीएस मशीन से सेटलमेंट टीम ने भूमि नापकर दिया। लेकिन अब तक भी वहां तालाब की मजबूती एवं रिसाव रोकने के लिए करीब 225 मीटर लंबी सुरक्षा दीवार बनाने की प्रकिया नही की गई। इसके अभाव में पाळ गड्ढे में बदल चुकी है। जबकि यहां से प्रतिदिन हजारों लोग आवागमन करते है। मामले में 2 फरवरी को संभागीय आयुक्त अजमेर ने जनसुनवाई में अधिकारियों को आमजन से जुड़ी समस्या के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए थे।शनिवार को मुख्यमंत्री देवली में आ रहे है। ऐसे में देवली गांव के ग्रामीण सीएम को अपनी परेशानी से अवगत करवाएंगे। आंदोलन कर रहे ग्रामीण नानूलाल चौधरी ने बताया कि वे मुख्यमंत्री से मिलने का प्रयास करेंगे। उन्हें समस्या से अवगत कराएंगे।
उल्लेखनीय है कि यह मसला समीप के खातेदार की ओर से न्यायालय में स्टे आर्डर लिए जाने से अटका है। संबंधित खाता धारक का कहना है कि नेकचाल सड़क की भूमि उनके निजी खातेदारी की है। ऐसे में स्टे आर्डर होने की वजह से प्रशासन चाहकर भी समस्या का समाधान नहीं कर पा रहा है।


