Deoli News 2 सितंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) नासिरदा गांव में गत दो दिन पूर्व थाना प्रभारी की कार से दंपति की हुई टक्कर के मामले में पुलिस निष्पक्ष जांच करेगी। यह बात देवली पुलिस उपाधीक्षक रामसिंह ने कही है।
उप अधीक्षक ने दैनिक ब्यूरो को बताया कि पीड़ित दंपती की ओर से थाना प्रभारी के विरुद्ध लापरवाहीपूर्वक कार चलाकर टक्कर मारने की रिपोर्ट दी गई। इस पर पुलिस ने संज्ञान लेकर मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी का मेडिकल कराया गया है। उनकी कार भी जब्त की गई है। इसी तरह थाने पर पथराव करने, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने एवं जबरन शांति व्यवस्था में व्यवधान डालने वाले लोगों के विरुद्ध पुलिस निष्पक्ष तौर पर कार्रवाई करेगी। मामले में किसी प्रकार की द्वेषता नहीं बरती जाएगी। पुलिस ने प्रकरण में वीडियोग्राफी कराई है। जिन लोगों ने जानबूझकर कानून व्यवस्था तोड़ने की कोशिश की है। केवल उन्हीं लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जबकि अन्य लोगों को किसी तरह से भयभीत होने की जरूरत नहीं है। उल्लेखनीय है कि रविवार को नासिरदा में दिनभर ग्रामीणों की ओर से विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान पथराव भी हुआ।
जिसमें एक पुलिसकर्मी चोटिल हुआ है। वही मामले में रविवार रात नासिरदा थाना पुलिस में 90 जनों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। लेकिन उप अधीक्षक ने दर्ज प्रकरण में निष्पक्ष जांच किए जाने की बात कही है। यही बात उपअधीक्षक ने धरना प्रदर्शन खत्म करने के बाद थाने पर लोगों से भी कही थी।


