Deoli News 5 सितंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) मौसम विभाग जयपुर ने गुरुवार सुबह फिर टोंक, बूंदी, भीलवाड़ा समेत कई जिलों में बारिश का ” येलो अलर्ट” जारी किया है। जारी सूचना के मुताबिक गुरुवार को टोंक, जयपुर, दौसा, बूंदी, भीलवाड़ा, राजसमन्द व सवाईमाधोपुर जिलों में कही-कही हल्की या तेज वर्षा हो सकती है।
इस दौरान मेघगर्जन, आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं संभव बताई गई है। विभाग ने लोगों से जलभराव से दूर रहने, अंडरपास पार करते वक्त सावधानी बरतने को कहा है। इसी तरह बीसलपुर बांध का जलस्तर गुरुवार सुबह 8 बजे आरएल 315.11 मीटर पहुंच गया है। बांध में 35.963 टीएमसी पानी हो चुका है। त्रिवेणी पर 4.20 मीटर हो गया। उधर, समीप की देवली गांव पंचायत का धिरोला सागर तालाब गुरुवार सुबह फूट गया। इस दौरान तालाब की पाळ कई फीट आकार में टूट गई। जिसका पानी किसानों के बाड़ों व खेतो को चीरता हुआ निकला। हालांकि किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ है। लेकिन ग्रामीण के मवेशियों को सुरक्षित स्थान पर ले जाना पड़ा और चारा आदि बह गया।
फिलहाल देवली तहसीलदार वीरेंद्र सिंह मौके पर मौजूद है। लोग मिट्टी के कट्टे डालकर व अन्य प्रयासों से टूटी पाळ मरम्मत करने की कोशिश कर रहे हैं। सिरोही स्थित तालाब की पाळ से भी पानी निकलने लगा है।


