Desk News 14 सितंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) जल झूलनी एकादशी पर जिले के जलाशयों पर ‘राजस्थान जल महोत्सव-2024′ का आयोजन किया जाएगा। पूर्ण रूप से भरे हुए जलाशयों पर राजस्थान जल महोत्सव को लेकर की गई तैयारियों को लेकर जिला कलक्टर डॉ. सौम्या झा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।
जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि ब्लॉक लेवल पर आयोजित कार्यक्रम पंचायत समिति के विकास अधिकारी एवं जल संसाधन विभाग के निर्देशन में करवाएं जाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि क्षेत्र के पूर्ण भर चुके जलाशयों पर महोत्सव के कार्यक्रम आयोजित होंगे। उन्होंने बताया कि जिला स्तरीय कार्यक्रम ब्लॉक देवली की ग्राम पंचायत राजमहल, बीसलपुर बांध पर आयोजित किया जाएगा। इसके लिए विकास अधिकारी देवली एवं बीसलपुर बांध के अधिशाषी अभियंता द्वारा सभी जरूरी व्यवस्थाएं करेंगे। इसके अलावा सभी ब्लॉक पर पूरे भरे हुए 7 बांधों तथा ग्राम स्तर पर 11 बांधों पर जल महोत्सव कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि कार्यक्रमों में जनप्रतनिधियों, काश्तकारों आमजन, संस्थाओं की अधिकाधिक सहभागिता हो। साथ ही विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों की भी इन कार्यक्रमों में भागीदारी सुनिश्चित करें।
इन बांधों पर होंगे कार्यक्रम
राजस्थान जल महोत्सव कार्यक्रम के तहत पंचायत समिति टोंक में चंदलाई बांध, पंचायत समिति निवाई में माशी बांध, पंचायत समिति पीपलू में दौलत सागर बांध, पंचायत समिति देवली में पनवाड़ सागर बांध, पंचायत समिति उनियारा में गलवा बांध, पंचायत समिति टोडारायसिंह में ढीबरु सागर बांध एवं पंचायत समिति मालपुरा में टोरड़ी सागर बांध पर सुबह 11:30 बजे कार्यक्रम आयोजित होंगे।


