Deoli News 22 अक्टूबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) हनुमान नगर थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग पर नई कृषि मंडी के पहले रोड क्रॉस कर रहे ट्रक और ट्रैक्टर की मंगलवार को टक्कर हो गई। हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, वहीं तीन जने घायल हो गए।
हेड कांस्टेबल रामराय मीणा ने बताया कि संभवत नई कृषि मंडी के पहले भोमराज की होटल के समीप रोड कट से ट्रैक्टर चालक रोड क्रॉस करने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक ने ट्रैक्टर के टक्कर मार दी। जिससे दिलीप (कालू) पुत्र कंवर सिंह मीणा निवासी सांवतगढ़ की दर्दनाक मौत हो गई। दिलीप का शव ट्रैक्टर ट्राली के बड़े पहिए के पास पड़ा था। वही दिलीप का सिर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। जिससे उसकी मौत हो गई। हेड कांस्टेबल रामराय ने बताया कि जबकि ट्रैक्टर ट्रॉली काफी हद तक सुरक्षित है। केवल ट्रैक्टर का आगे बोनट का कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ है। इस हादसे को देखकर पुलिस भी अचंभित है। वहीं मुकेश पुत्र कंवर सिंह मीणा, सुरेश पुत्र राधा किशन मीणा तथा हरिसिंह पुत्र धनाराम बलाई सभी निवासी सांवतगढ़ घायल हो गए। तीनों घायलों में से मुकेश के पैर एवं कंधे में ज्यादा चोट आई है तथा सुरेश व हरिसिंह के मामूली चोट आई हैं। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया तथा फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है। मामले में परिजन बुधवार को रिपोर्ट देंगे।



