Deoli News 13 नवंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) देवली-उनियारा विधानसभा क्षेत्र में बुधवार को हो रहे उपचुनाव के तहत कई तरह के रंग देखने को मिले हैं। इस दौरान देवली क्षेत्र के दांता ढाणी में एक दुल्हन ने मतदान के बाद विदाई ली।

जानकारी के अनुसार यह दुल्हन सुनीता मीणा पुत्री रामकुमार मीणा निवासी दांता ढाणी देवली है। वही जहाजपुर तहसील के कालाभाटा निवासी दूल्हा अमित कुमार मीणा पुत्र हरलाल मीणा बारात लेकर यहां दांता पहुंचा। इस दौरान दुल्हन ने शादी के बाद विदाई से पूर्व बूथ संख्या 73 पर मतदान कर लोकतांत्रिक फर्ज निभाया। यह बूथ राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय दांता ढाणी, सावंतगढ़ में है। इधर, देवली उनियारा विधानसभा क्षेत्र में शाम 5 बजे तक 60.41 प्रतिशत मतदान हो चुका है। पूरे विधानसभा क्षेत्र में एक लाख 82 हजार 902 लोगों ने मतदान किया।
पुलिस छावनी में तब्दील समरावता
उधर, समरावता गांव में एसडीएम और निर्दलीय प्रत्याशी नरेश मीणा के विवाद के बाद पूरे गांव में पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के अलावा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक समेत कई डीएसपी एवं निरीक्षक स्तर के अधिकारी व पुलिस जाप्ता तैनात है। इसके अलावा एसटीएफ की टीम, वज्र वाहन आरएएसी के जवान मौके पर डटे हुए हैं। पुलिस अधिकारी पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं। समीप के सवाईमाधोपुर से भी पुलिस जाप्ता बुलाया जा रहा है। इसके अलावा नरेश मीणा ने कलेक्टर टोंक को समरावता आने के लिए कहा और समर्थकों से घटनास्थल पर पहुँचने को कहा।




