राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित कुचलवाड़ा बायपास पर हुआ हादसा, जान बची, लेकिन माल का हुआ नुकसान
Deoli News 30 नवंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर के समीप से गुजर रहे राष्ट्रीय राजमार्ग कुचलवाड़ा बाईपास पर शुक्रवार रात एक चलते हुए ट्रेलर में आग लग गई और कुछ ही देर में यह ट्रेलर आग के गोले में तब्दील हो गया। जिसमें आग की लपटे विकराल हो गई।
हादसे के बाद तत्काल चालक ने कूद कर अपनी जान बचाई और थाना पुलिस को सूचना दी। जानकारी के अनुसार यह हादसा बाईपास पर सूर्य महल होटल के करीब रात सवा 12 से एक बजे के बीच हुआ। यहां कोटा से जयपुर टाइल लेकर जा रहे एक ट्रेलर में तकनीकी फाल्ट आ जाने की वजह से आग लग गई। इसके चलते पूरा ट्रेलर धू-धूकर जलने लगा। ट्रेलर से लंबी-लंबी आग की लपटे उठने लगी। लिहाजा उसके पास जाना भी मुश्किल हो गया। लोगों ने इसकी सूचना देवली थाना पुलिस और नगर पालिका दमकल केंद्र में दी। नगर पालिका केंद्र से पहुंची दमकल ने करीब एक डेढ़ घंटे की मेहनत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक ट्रेलर का काफी हिस्सा जल चुका था।
उक्त घटनाक्रम से राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुजर रहे लोग भी रुक कर देखने लगे। वहीं आसपास कई लोगों की भीड़ जमा हो गई। बाद में पुलिस ने ट्रेलर को किनारे कर राजमार्ग सुचारु किया। इस दौरान देवली थाना पुलिस के हेडकांस्टेबल शिवराज, पुलिसकर्मी नरेंद्र सिंह समेत ने यातायात व्यवस्था बनाई। वहीं पुलिस उपाधीक्षक रामसिंह और थाना प्रभारी राजकुमार नायक को मामले की सूचना दी गई। ट्रेलर में आशु खान पुत्र फकीर खान निवासी अलवर ने अपनी जान बचाई। यह चालक भी है और वाहन मालिक भी। पुलिस ने मामले में रपट लिखी।



