Deoli News 3 दिसंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) हनुमान नगर थाना क्षेत्र के मोरला बाईपास के समीप बीती रात निर्माणाधीन मकान के बाहर से चोर बोरिंग की केबल काटकर ले गए।
उक्त मामले में पीड़ित कैलाश चंद्र सुवालका पुत्र मोहनलाल निवासी ऊंचा ने थाने में शिकायत दर्ज करवाई है। इसमें बताया कि अज्ञात चोरों द्वारा केबल काटकर ले जाने से उन्हें 15 हजार रुपए का नुकसान हुआ है। गौरतलब है कि हनुमान नगर क्षेत्र में चोरों के हौसले दिन प्रतिदिन बढ़ते जा रहे हैं। इससे पूर्व भी कई निर्माणाधीन मकानों के बाहर से अज्ञात चोर बोरिंग की केबल काट कर ले जा चुके हैं। इस तरह की वारदात देवली में भी हो चुकी है। अज्ञात चोर देवली में भी अलग-अलग इलाकों से सरकारी बोरिंग के बिजली के तार काटकर ले जा चुके हैं।



