लगातार हो रही है केबल चोरी की वारदातें
Deoli News 10 दिसंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) जयपुर कोटा बाईपास स्थित नई कृषि मंडी देवली के सामने मां बीजासन गौशाला में बीती रात दूसरी बार चोरों ने केबल चोरी की वारदात को अंजाम दिया। वारदात का पता सुबह बोरिंग मशीन के बाहर निकले हुए दिखाई देने पर लगा।

गौशाला कमेटी सदस्य परमेश्वर सोयल ने बताया कि सोमवार रात अज्ञात चोर मां बीजासन गौशाला कुंचलवाड़ा में लगी बोरिंग की मोटर को निकालकर उसमें लगी केबल को काटकर कर ले गए। जिससे गोवंश के पीने के पानी का संकट पैदा हो गया है। बोरिंग की केबल अनुमानित 12 से 15 हजार रुपए है। गौशाला कमेटी द्वारा हनुमाननगर थाना पुलिस को चोरी की रिपोर्ट दी गई है। गौसेवकों ने कहा है कि इस तरह की चोरियां क्षेत्र में बार-बार हो रही है। लेकिन पुलिस इन चोरों को पकड़ने में विफल हैं।गौरतलब है कि गौशाला में इस तरह की यह दूसरी चोरी है। इससे पहले 2 महीने पूर्व अक्टूबर में भी चोर केबल को काटकर ले गए थे।

उल्लेखनीय है कि ट्यूबवेल के बिजली की केबल काटने का गिरोह देवली एवं हनुमान नगर इलाके में सक्रिय है, जो मौका पाकर बोरिंग की केबल काटकर ले जा रहा है। देवली शहर में सरकारी बोरिंग को तक इन बदमाशों ने नहीं छोड़ा। महज 2 से 3 मीटर का तार भी यह चोर चुराकर ले जा रहे हैं।


