Deoli News 13 जनवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) राजस्थान पटवार संघ के आह्वान पर उपशाखा अध्यक्ष रामराज जाट के नेतृत्व में पटवारियों ने 9 सूत्रीय मांगों नहीं माने जाने पर सोमवार से अनिश्चिततकालीन कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया है।
दरअसल इसे लेकर पहले चेतावनी दी गई थी कि यदि संघ की मांगे पूरी नहीं हुई तो 13 जनवरी से कार्य बहिष्कार कर तहसील व उपखंड मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा। बता दें कि संघ की गिरदावरी एप में मांगों में अपेक्षित आवश्यक संशोधन, पटवार संघ सर्वेयर नियुक्ति का विरोध, पटवार मण्डल एवं भूअभिलेख निरीक्षक वृत्त की वित्तीय स्वीकृति जारी करने, लंबित डीपीसी, तहसीलदार में पदोन्नति कोटा बढ़ाने, तहसीलदार पद पर मंत्रालयिक संवर्ग के कोटे का पुनर्निर्धारण करवाने आदि मांग है। ज्ञापन में बताया कि उक्त पत्रावलियों का भी निस्तारण नहीं होने से पटवार संघ में भारी रोष हैं। लिहाजा उन्हें विरोध प्रदर्शन व कार्य बहिष्कार का मार्ग अपनाना पड़ रहा है। इस दौरान पटवारी सुशील जैन, किशन गर्ग, पंकज जैन समेत स्थानीय पटवार संघ के कई सदस्य शामिल थे।



