Deoli News 7 फरवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) दूनी स्थित पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में शुक्रवार को स्टूडेंट पुलिस कैडेट दल ने प्रधानाचार्य भंवरलाल कुम्हार के सानिध्य में पुलिस थाना दूनी और कोर्ट का भ्रमण किया।
प्रभारी त्रिलोकचंद कलाल ने बताया कि पुलिस थाने में सहायक उप निरीक्षक शंकर लाल ने छात्रों को थाने की गतिविधियो से अवगत कराया। उन्होंने थाना अधिकारी कार्यालय, रपट कार्यालय, स्वागत कक्ष, रोजनामचा रजिस्टर, मलखाना, शस्त्रागार आदि से अवगत कराया। साथ ही पुलिस भर्ती प्रक्रिया, पुलिस वर्दी, पुलिस ड्यूटी, आदि के बारे में विस्तार से समझाया। इसी तरह कैडेट्स ने दूनी सिविल न्यायालय का भ्रमण कर वहां की गतिविधियां तथा न्यायिक प्रक्रियाओ के बारे में विस्तार से चर्चा की। जिसमें छात्रों ने वादी, प्रतिवादी, बहस, वकालतनामा कचहरी, न्यायाधीश के कर्तव्य आदि के बारे में जाना। पीएम श्री योजना प्रभारी सुरेंद्र सिंह नरूका ने बताया कि राज्य सरकार के आदेश अनुसार पिछले दो वर्षों से विद्यालय में कक्षा 8 और 9 के 40 छात्र-छात्राओं का स्टूडेंट पुलिस कैडेट एसपीसी दल बना हुआ है।
जिन्हें पुलिस की वर्दी के साथ पुलिस के कर्तव्य, अनुशासन, यातायात नियम, सेवा सुरक्षा आदि के बारे में जागरूक किया जा रहा है।


