Deoli News 20 फरवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) अजमेर जिले के किशनगढ़ बोराडा थाना क्षेत्र में एक दलित युवती की गला रेतकर हत्या करने की घटना के विरोध में अंबेडकर विचार मंच देवली की ओर से उपखंड अधिकारी देवली को मुख्यमंत्री, जिला कलक्टर, उपमुख्यमंत्री व अध्यक्ष अनुसूचित जाति राज्य आयोग के नाम ज्ञापन दिया गया।
ज्ञापन में मांग की गई है कि दोषियों के खिलाफ सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार किया जाए। वहीं फास्ट ट्रैक अदालत में मुकदमा चलाकर उन्हें फांसी की सजा दी जाए। दोषियों की संपत्ति बुलडोजर से नष्ट की जानी चाहिए। साथ ही पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपए की आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दिलवाने की मांग की गई। ज्ञापन में बताया कि जब से भजनलाल सरकार के नेतृत्व में राजस्थान में सरकार बनी है, तब से दलित आदिवासियों पर अत्याचार बढ़ गए हैं। सरकार से मांग की है कि इस संबंध में शासन व प्रशासन को सख्त निर्देश देते हुए वंचित वर्गों की सुरक्षा सुनिश्चित करवाई जाए।
ज्ञापन सौपने में मंच अध्यक्ष राजबहादुर रेगर पूर्व अध्यक्ष यादराम मीणा, त्रिलोक बैरवा, रंगलाल मीणा, नरेश कुमार वर्मा, वार्ड पंच रामकिशन, संगठन के पदाधिकारी गौरव बैरवा, धर्मराज बैरवा, जितेंद्र वर्मा, विनोद मीणा, प्रेमलाल, बद्रीलाल सहित दर्जनों सदस्य उपस्थित थे।


