शहर के कई स्थानों पर रात 11.38 पर हुआ दहन
Deoli News 14 मार्च (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) फाल्गुन पूर्णिमा पर गुरुवार रात को विधिवत होलिका दहन किया गया। शहर के घोषी मोहल्ला खूंट पर सार्वजनिक होली में रात 11.38 बजे सबसे पहला होलिका दहन हुआ।

यहां विधि-विधान से पूजा के बाद होलिका को अग्नि दी गई। श्रद्धालुओं ने भक्त प्रहलाद के प्रतीक पेड़ को सुरक्षित निकाला। लोगों ने नए धान को होली की अग्नि में सेंककर प्रसाद के रूप में ग्रहण किया। महिलाओं ने होलिका को अर्घ्य देकर पूजा की। शहर के गणेश रोड, पटेल नगर, साकेत कॉलोनी, जनता कॉलोनी, घोषी मोहल्ला और गौरव पथ समेत कई स्थानों पर होलिका दहन हुआ। मुख्य होलिका दहन गणेश रोड पर किया गया। पटेल चौक ग्रुप द्वारा गणेश रोड पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। व्यवस्था बनाए रखने के लिए देवली पुलिस उपाधीक्षक रामसिंह जाट और थानाधिकारी दौलत राम गुर्जर अपनी टीम के साथ मौजूद रहे।



