Deoli News 14 मार्च (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में शुक्रवार को धूलंडी का पर्व धार्मिक भावना एवं सामाजिक समरसता के साथ मनाया गया। इस मौके पर लोगों ने परस्पर रंग गुलाल लगाकर होली और धूलंडी की बधाई दी।
सुबह 9 बजे बाद बच्चों, महिलाओं एवं पुरुषों की टोलिया होली खेलने के लिए गली, मोहल्ले व कॉलोनी में निकली। लोग अपने घरों से बाहर निकले तथा अपने मित्रो, परिचितों को रंग गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दी। खासकर हर बार की तरह छोटे बच्चों में रंग गुलाल लगाने का अधिक क्रेज रहा। रंग गुलाल से शहर की विभिन्न सड़के रंग बिरंगी हो गई। युवा बाइकों पर बैठकर घूम-घूम कर लोगों को होली की बधाई देते रहे। इस दौरान लोगों ने अपने परिजनों के साथ धूलंडी का पर्व मनाया। कई बस्तियों में चंग व ढोल पर महिलाओं ने नृत्य किया तो कई शहरवासी गार्डन में खुले मैदान में होली खेलते रहे। कानून व्यवस्था एवं सुरक्षा के लिहाज से देवली पुलिस की अलग-अलग टीमें शहर में गश्त करती रही। गौरतलब है कि धूलंडी का पर्व एवं मुस्लिम समुदाय के जुम्मे की नमाज एक ही दिन होने के चलते पुलिस प्रशासन सतर्क रहा।
बाल संसार केंद्र में मनाई होली
गणेश बाल संस्कार केन्द्र देवली पर नन्हे मुन्ने बच्चों के बीच होली मनाई गई। सेवा भारती एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवकों ने संस्कार केन्द्र पर बच्चों के संग होली उत्सव मनाया। सभी बच्चों को गुलाल लगाईं एवं अल्पाहार कराया। यह संस्कार केन्द्र गणेश रोड स्थित भांड़ बस्ती में सामुदायिक भवन में सेवा भारती द्वारा संचालित है। जिसमें प्रतिदिन एक घंटे की नियमित क्लास लगाकर बस्ती के बच्चों को संस्कारित किया जा रहा है।



