शहर से सटी भीलवाड़ा जिले की कॉलोनियों के हालात
Deoli News 27 मई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर की ज्योति कॉलोनी (ऊंचा) में रात-रातभर बिजली नहीं आने की समस्या बढ़ती जा रही है। यहां के निवासी इस समस्या से तंग आ चुके हैं। स्थानीय निवासी कृष्ण गोपाल शर्मा ने अधिशासी अभियंता एवीवीएनएल शाहपुरा को पत्र लिखकर एफआरटी की लापरवाही की शिकायत की है।
उनका आरोप है कि एफआरटी के कर्मचारी फोन नहीं उठाते हैं और यदि उठाते भी हैं तो अपनी जिम्मेदारी को टाल देते हैं। उन्होंने बताया कि सोमवार रात 10 बजे से 11 बजे तक लाइट ट्रिपिंग करती रही और इसके बाद सारी रात लाइट नहीं आई। मंगलवार सुबह लाइट आई, और फिर बंद हो गई। जब उन्होंने निगम के कनिष्ठ अभियंता से बात की तो उन्होंने कहा कि स्टाफ काम कर रहा है। लोगों ने अधिशासी अभियंता से लापरवाह एफआरटी के कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है, जो समय पर काम नहीं कर सके।
स्थानीय लोगों ने बताया कि यहां थोड़ी सी हवा चलने पर पूरी कॉलोनी की बिजली सप्लाई बंद कर दी जाती है, जो सुबह तक वापस शुरू नहीं होती है। लिहाजा नौतपा में लोगों को गर्मी से जूझना पड़ रहा है।


