चेक मीटर लगाकर निगम ने किया संतुष्ट
Deoli News 12 अगस्त (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) देवली उपखंड क्षेत्र में लगाए जा रहे स्मार्ट मीटर का विरोध करने वाले एक उपभोक्ता के यहां हाल ही में पुराने मीटर के साथ ही स्मार्ट मीटर को चेक मीटर बनाकर लगाया गया गया।
मंगलवार को दोनों मीटर की जांच करने पर पाया गया कि दोनों मीटर में समान खपत दर्ज की गई है। विद्युत निगम के सहायक अभियंता डीके जैन ने बताया कि उपभोक्ता बाबूलाल पुत्र भूरालाल कलाल निवासी खटीक मोहल्ला है। जिसके घर पर गत 30 जुलाई को स्मार्ट मीटर लगाया गया था। उपभोक्ता को यह संदेह था कि पुराने मीटर और स्मार्ट मीटर की रीडिंग में अंतर है। लिहाजा उसके पुराने मीटर के साथ स्मार्ट मीटर को चेक मीटर के रूप में समानांतर लगाया गया। जांच में पाया गया कि पुराने मीटर और स्मार्ट मीटर दोनों में 114 यूनिट की समान खपत दर्ज की गई है। जांच के बाद उपभोक्ता की भ्रांति दूर हो गई है और अब वे स्मार्ट मीटर लगाने के लिए सहमत हो गए हैं।
निगम अभियंता जैन ने बताया कि लोगों में यह भ्रम है कि स्मार्ट मीटर में रीडिंग अधिक आएगी। जिससे उनका बिल अधिक अमाउंट का आएगा। लेकिन ऐसा नहीं है। उन्होंने बताया कि रीडिंग में पॉइंट फिगर का भी अंतर नहीं आया है। यह केवल लोगों का भ्रम है।


