Deoli News 20 अक्टूबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर में रविवार को दीपोत्सव पर्व मनाया जा रहा है। सुबह से ही बाजारों में लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे शहर में उत्सव का माहौल रहा। वही शाम को लक्ष्मी पूजन किया जाएगा।
हालांकि कई परिवार 21 अक्टूबर को भी पूजन करेंगे। शहर के प्रमुख बाजारों में मिठाई, माला, बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक सामान और आभूषण की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ देखी गईं। ख़ासकर पटाखा, माला व मिठाई की दुकानों पर भारी भीड़ है। त्योहार की रौनक से बाजार गुलजार रहे। त्योहार के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए देवली थाना पुलिस ने विशेष इंतजाम किए। मुख्य बाजार और बस स्टैंड क्षेत्र में बैरिकेड्स लगाए गए।
बस स्टैंड से मुख्य बाजार तक सड़क पर केवल दुपहिया वाहन और पैदल आवाजाही की अनुमति दी गई, ताकि भीड़भाड़ में अव्यवस्था न हो। नगरपालिका प्रशासन ने सुरक्षा और सतर्कता को ध्यान में रखते हुए अग्निशमन केंद्र में 24 घंटे का कंट्रोल रूम स्थापित किया है। इसमें अलग-अलग शिफ्ट में कर्मचारी तैनात किए गए हैं, जो आगजनी की स्थिति में तुरंत कार्रवाई करेंगे।
देवली उपजिला अस्पताल में भी इमरजेंसी के लिए 24 घंटे डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ की ड्यूटी लगाई गई है, ताकि आपात स्थिति में लोगों को तत्काल उपचार मिल सके। देवली शहर में किसी भी आपात स्थिति के लिए आमजन इन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं। इनमें देवली पुलिस थाना-01434 232016, 100, 112, एम्बुलेंस ब्रिगेड -01434 230821; विद्युत विभाग 01434-232029 व एम्बुलेंस के 108 है।




