Deoli News 28 जनवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर के वार्ड 17 विवेकानंद कॉलोनी में पिछले कई दिनों से हो रही गंदे और दूषित पानी की सप्लाई को लेकर बुधवार को पार्षद भीमराज जैन ने उपखंड अधिकारी को पत्र सौंपा है।
पार्षद ने बताया कि इस समस्या के संबंध में जलदाय विभाग को कई बार लिखित और मौखिक रूप से अवगत कराया जा चुका है। दूषित पानी के कारण वार्ड वासियों में बीमारियां फैलने की आशंका बढ़ गई है। उन्होंने समस्या से निजात दिलाने की मांग की।
आवारा कुत्तों से आमजन परेशान
इसी तरह वार्ड 25 पटेल नगर में आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक से लोग भयभीत हैं। वार्डवासियों ने उपखंड अधिकारी रूबी अंसार और अधिशासी अधिकारी सुरेश कुमार मीणा को ज्ञापन सौंपकर बताया कि क्षेत्र में पटेल नगर में कुत्तों की संख्या अत्यधिक बढ़ गई है और अब तक करीब दो दर्जन लोग व बच्चे इनका शिकार बन चुके हैं। स्थिति इतनी भयावह है कि सुबह और शाम के समय राहगीरों और बुजुर्गों का घर से बाहर निकलना दूभर हो गया है।

ग्रामीणों का आरोप है कि नगर पालिका को कई बार सूचित करने के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि नगर पालिका को अविलंब कुत्तों की धरपकड़ और नसबंदी सहित प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए जाएं, ताकि किसी बड़ी अनहोनी को रोका जा सके।


