दिन में धूप और सुबह-शाम की ठंड बढ़ा रही मौसमी बीमारियों का खतरा
Deoli News 10 फरवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) क्षेत्र में पिछले एक सप्ताह से तापमान में लगातार हो रही बढ़ोतरी ने आम जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। वर्तमान में स्थिति ऐसी है कि लोग दिन के वक्त सीधी धूप में बैठने से कतराने लगे हैं। सीधी धूप अब चुभने लगी है।


जबकि सुबह और शाम के समय अभी भी गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को न्यूनतम तापमान 14 डिग्री और अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं। तापमान का यह उतार-चढ़ाव स्वास्थ्य के लिहाज से काफी संवेदनशील माना जा रहा है, वहीं मंगलवार दोपहर एक बजे तक पारा 26 डिग्री तक पहुँच गया है, जिससे कुछ घरों व दुकानों में हल्की रफ्तार में पंखे चलाने की जरूरत महसूस होने लगती है। एक ओर जहाँ सुबह के समय ठंडे पानी से बचने के लिए बाथरूम में गीजर का उपयोग हो रहा है, वहीं दोपहर की गर्मी के कारण कई मर्तबा न्यूनतम स्पीड में पंखा चलाना पड़ रहा है।
जानकारों के अनुसार, गीजर और पंखे का यह मिला-जुला मौसम मौसमी बीमारियों के लिए जन्मदायक साबित हो सकता है। तापमान में अचानक आने वाला यह बदलाव सर्दी-जुकाम, बुखार और बदन दर्द सहित शिकायतों को न्योता दे रहा है। विशेष रूप से बुजुर्गों और बच्चों के लिए यह समय काफी सावधानी बरतने वाला है, इसकी वजह शरीर का तापमान स्थिर न रह पाने के कारण वायरल संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने सलाह दी है कि इस बदलते मौसम में खान-पान और पहनावे को लेकर विशेष सतर्कता बरतें, ताकि बीमारियों से बचा जा सके। वही तापमान बढ़ने के चलते शहर के गौरव पथ समेत खाली भूखंडों पर लगे गर्म कपड़ों के बाजार अब सिमट गए हैं।



