Deoli News 24 फरवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) ग्राम पंचायत गाडोली में प्राचीन देवनारायण भगवान के स्थान पर एक युवक द्वारा नशे की हालत में तोड़फोड़ करने का गंभीर मामला सामने आया है।
मंगलवार को सरपंच ने हनुमान नगर थाना अधिकारी को सौंपे गए शिकायत पत्र में बताया कि (लुहारी) क्षेत्र निवासी दिनेश मीणा ने शराब के नशे में भगवान देवनारायण की मूर्ति को उखाड़ कर फेंक दिया। इससे गुर्जर समाज सहित समस्त ग्रामवासियों की धार्मिक भावनाओं को आघात लगा है। ग्रामीणों का आरोप है कि मंदिर के समीप ही संचालित अवैध शराब की दुकान के कारण असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा है।
सरपंच समेत ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और तुरंत प्रभाव से अवैध शराब की दुकान बंद करवाने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही दोषियों पर उचित कार्रवाई नहीं हुई, तो समाज और जनसमूह प्रदर्शन करेगा। ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना पर पहुंची हनुमान नगर पुलिस के उप निरीक्षक दुर्गालाल ने मामले की जानकारी ली।



