फाल्गुनी गीतों की धुन पर थिरके युवा और महिलाएं
Deoli News 4 मार्च (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर व ग्रामीण क्षेत्रों में बुधवार को धुलंडी का पर्व हर्षोल्लास और पारंपरिक उमंग के साथ मनाया गया। इसे लेकर सुबह 8 बजे के बाद लोग टोलियों में अपने घरों से बाहर निकले और एक-दूसरे के गालों पर गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दी।
हालांकि इस वर्ष होली और धुलंडी के बीच एक दिन का अंतराल होने से शुरुआत में रौनक कुछ कम नजर आई, लेकिन दोपहर होते-होते उत्साह परवान चढ़ गया। शहर की गलियों, कॉलोनियों और बस्तियों में चंग की थाप और फिल्मी गीतों के शोर के बीच युवा, महिलाएं और बच्चे जमकर झूमे। आपसी भाईचारे के इस पर्व पर लोगों ने एक-दूसरे के गले मिलकर गिले-शिकवे दूर किए और रंगोत्सव का आनंद लिया। चाय कचौड़ी की दुकानों पर युवाओं की भीड़ रही। सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर प्रशासन मुस्तैद दिखाई दिया। देवली थाना प्रभारी दौलतराम गुर्जर के नेतृत्व में पुलिस की टीमें शहर के विभिन्न क्षेत्रों में गश्त करती रहीं, ताकि त्योहार की शांति भंग न हो।
वहीं, देवली यातायात पुलिस शाखा ने भी मुस्तैदी दिखाते हुए सुचारू आवागमन और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग किया। शहर के प्रमुख चौराहों से लेकर भीतरी बस्तियों तक पुलिस की पैनी नजर रही, जिससे रंगोत्सव का यह पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। हर वर्ष की तरह इस बार धुलण्डी के अगले दिन 5 मार्च को देवली थाना पुलिस समेत पुलिसकर्मियों की होली होगी।



