आग से दो केबिन जलकर राख हुई
Deoli News 4 मार्च (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) खुशियों के त्योहार धुलंडी की सुबह बुधवार को देवली के सब्जी मंडी मुख्य द्वार पर उस वक्त दुःख में बदल गई जब कचरे से उठी एक चिंगारी ने दो दुकानों को राख के ढेर में तब्दील कर दिया। यह हादसा सुबह करीब 7:30 सामने आया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यहां गुरमीत डेंटल के पुराने हॉस्पिटल के सामने सीआईएसएफ गेट के पास स्थित कचरे में आग लगाई गई थी, जिसने धीरे-धीरे विकराल रूप धारण कर पास ही स्थित हेयर कटिंग और बैग सिलाई की केबिनों को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में बंगाली कॉलोनी निवासी बुजुर्ग भरत कुमार सेन की हेयर कटिंग की दुकान पूरी तरह जलकर खाक हो गई, जिससे उनके बुढ़ापे की रोजी-रोटी का एकमात्र सहारा छिन गया। वहीं, तेली मोहल्ला निवासी मुकेश मोची की बैग बनाने की दुकान को भी भारी नुकसान पहुंचा है। हादसे का मंजर इतना हृदयविदारक था कि अपने वर्षों के संघर्ष को जलता देख बुजुर्ग भरत कुमार सेन सन्न रह गए, वहीं मुकेश की मां आग बुझने के बाद राख से बचा-कुचा सामान बटोरते हुए अपने आंसू नहीं रोक सकी। लेकिन भरत कुमार सेन का कुछ भी नहीं बचा।
सूचना पर देवली थाना पुलिस के सहायक उपनिरीक्षक सैयद जावेद और बजरंग लाल ने दमकल को मौके पर बुलवाया, लेकिन लोगों का आरोप है कि दमकल के देरी से पहुंचने के कारण आग ने दोनों दुकानों को पूरी तरह लील लिया। घटना के दौरान ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार भी टूटकर गिर गए, जिसके बाद विद्युत निगम की टीम भी मौके पर पहुंची। व्यापार महासंघ अध्यक्ष पंकज जैन सर्राफ़ ने भी घटनास्थल पर पीड़ित दुकानदारों से जानकारी ली।
पानी त्यौहार के दिन हुई इस आग की अनहोनी ने झकझोर कर रख दिया है। स्थानीय निवासी तेजेंद्र पारीक और अंकित नाटाणी आपने बताया कि यह आग का दुआ काफी दूर से दिखाई दे रहा था। देखते ही देखते दोनों केबिने जलकर राख हो गई। इस दौरान मौके पर दर्जनों लोगों की भीड़ जमा होगी।


