Deoli News 3 मार्च (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर के चर्च रोड स्थित पालिका अध्यक्ष के आवास के समीप पिछले पांच दिनों से हो रही गंदे जलापूर्ति की समस्या का मंगलवार को समाधान कर दिया गया है।
जलदाय विभाग के सहायक अभियंता नितिन जैन के निर्देशानुसार विभाग की टीम ने मंगलवार को भूमिगत लीकेज को खोजकर उसे पूरी तरह रिपेयर कर दिया। यहां सप्लाई लाइन टूटी हुई थी। जिससे पानी एकत्र हो रहा था। वही सप्लाई के दौरान यह पानी वापस लाइन में जा रहा था। जिससे लोगों के घरों में शुरुआती पानी गंदा जा रहा था।

विभाग के फिटर फर्स्ट विजय सिसोदिया ने बताया कि पिछले कई दिनों से चर्च रोड, विवेकानंद कॉलोनी, माल मोहल्ला और आसपास की बस्तियों में दूषित पानी की आपूर्ति हो रही थी, जिससे स्थानीय निवासी काफी परेशान थे। पालिका अध्यक्ष के घर के बाहर पाइपलाइन में रिसाव होने के कारण गंदा पानी सप्लाई में मिल रहा था, जिसे अब ठीक कर दिया गया है। इस मरम्मत कार्य के बाद अब क्षेत्र के उपभोक्ताओं को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सकेगा और गंदे पानी की गंभीर समस्या से राहत मिलेगी।



