Deoli News 10 मार्च (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर के मुख्य रोडवेज बस स्टैंड के बाहर इन दिनों ड्रेनेज व्यवस्था बिगड़ने से आमजन और स्थानीय व्यापारी खासे परेशान हैं। लोगों ने बताया कि बस स्टैंड के निकास द्वार के समीप स्थित एक मिठाई की दुकान के पास से लगातार गंदा पानी सड़क पर बह रहा है।
जिससे स्वच्छता खराब हो रही है। यह दूषित पानी न केवल सड़क पर कीचड़ जमा कर रहा है, बल्कि बहते हुए सीधे बावड़ी बालाजी मंदिर मार्ग की ओर जा रहा है। गंदगी का यह आलम बस स्टैंड से लेकर बावड़ी बालाजी तक मुख्य सड़क किनारे बना हुआ है। सबसे ज्यादा प्रभावित क्षेत्र के करीब एक दर्जन से अधिक व्यापारी हैं, जिनकी दुकानों के ठीक सामने गंदा पानी बह रहा है। बावड़ी बालाजी के बाहर स्थित स्टेशनरी की दुकान के सामने तो स्थिति इतनी खराब हो गई है कि व्यापारी को दुकान के अंदर पानी रोकने के लिए कट्टों और बोरियों का सहारा लेना पड़ रहा है।

स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि यह बदबूदार पानी धीरे-धीरे मंदिर परिसर की ओर भी बढ़ रहा है।जिससे धार्मिक स्थल की पवित्रता भी प्रभावित हो रही है। व्यापारियों ने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी सुरेश कुमार मीणा से गुहार लगाई है कि जल्द इस जलभराव और गंदगी का समाधान किया जाए।



