“सुगम मार्ग से बढ़ेगा व्यापार”
Deoli News 11 मार्च (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर के मुख्य बाजारों में दिनों-दिन बढ़ते यातायात के दबाव को देखते हुए अब व्यवस्थाओं को अधिक सुदृढ़ करने की आवश्यकता महसूस की जा रही है। बस स्टैंड से लेकर छतरी चौराहा और उसके आगे के मुख्य बाजारों में सड़कों पर बढ़ते सामान और अस्थाई बाधाओं के कारण आवाजाही प्रभावित हो रही है।
हालत यह है कि मुख्य बाजारों में व्यापारी अपने दुकान का माल आगे रखने जा रहे हैं। वही फल सब्जी व अन्य ठेला विक्रेता भी इसमें पीछे नहीं है। यदि व्यापारिक प्रतिष्ठानों के बाहर मुख्य सड़क को आवागमन के लिए खुला रखा जाए, तो इससे न केवल आमजन को सुविधा होगी, बल्कि बाजार में ग्राहकों की पहुंच आसान होने से व्यापार में भी निश्चित तौर पर बढ़ोतरी होगी। जबकि इसके विपरीत ट्रैफिक जाम की स्थिति में ग्राहक मुख्य बाजारों में नहीं पहुंच सकेंगे। जिसका खामियाजा व्यापारियों को ही उठाना पड़ेगा। लोगों ने बताया कि देवली थाने के बाहर भी पुलिस को अपने कैंपस की दीवार के पास वाहनों की पार्किंग रोकनी पड़ी। जहाँ बैरिकेट्स लगाकर बेतरतीब पार्किंग रोकी गई। इसी तरह शहर के छतरी चौराहे और आसपास के क्षेत्रों में भी व्यापारियों से सहयोग की अपेक्षा की जा रही है। नगर पालिका मंडल, पुलिस और व्यापार महासंघ के पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ व्यापारियों को इस बात के लिए प्रोत्साहित करना चाहिए कि वे अपनी दुकानों की सीमा और प्रशासन द्वारा निर्धारित ‘व्हाइट लाइन’ (सफेद पट्टी) की पूर्णतः पालना करें।
बाजार की सुंदरता और सुव्यवस्था के लिए यह आवश्यक है कि ठेला विक्रेता, फल एवं सब्जी विक्रेता भी अपनी निर्धारित सीमा में रहकर व्यापार करें। जब मुख्य मार्ग चौड़े और अवरोध मुक्त रहेंगे, तो वाहनों का आवागमन आसान होगा। जिससे व्यापारिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। सभी पक्षों के सहयोग से यदि व्हाइट लाइनिंग की मर्यादा बनी रहती है। मौजूदा समय में यह हालत है की मुख्य बाजार में फोर व्हीलर तो दूर की बात टू व्हीलर से निकलना भी भारी है। मनमर्जी की वाहनों की पार्किंग अब तो सिर दर्द बन चुकी है। गुरुद्वारा रोड, चर्च रोड और पटवा बाजार जैसे कई फीट चौड़े रोड भी गलियारे बन गए।



