नसीराबाद-देवली फोरलेन से बदलेगी क्षेत्र की आर्थिक तस्वीर
Deoli News 8 अप्रैल (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) केकड़ी विधायक शत्रुघ्न गौतम ने बुधवार को प्रेस वार्ता के दौरान बड़ी घोषणा की है। केकड़ी नगर पालिका स्थित जनसुनवाई केंद्र पर पत्रकारों से चर्चा करते हुए विधायक ने नसीराबाद-देवली फोरलेन सड़क को क्षेत्र की आर्थिक उन्नति का आधार बताया।
उन्होंने बताया कि इस 1254 करोड़ रुपए के महत्वाकांक्षी ड्रीम प्रोजेक्ट के प्रथम चरण के अंतर्गत देवली से केकड़ी तक फोरलेन निर्माण के लिए 575 करोड़ रुपए की वित्तीय स्वीकृति मिल चुकी है। गौरतलब है कि इस सड़क मार्ग के निर्माण के लिए विधायक गौतम ने 231 दिनों तक नंगे पैर रहने का कठोर संकल्प लिया था, जो अब धरातल पर उतरने को तैयार है। इस महत्वपूर्ण परियोजना के तकनीकी विवरण साझा करते हुए विधायक ने बताया कि कुल स्वीकृत राशि में से 130 करोड़ रुपए यूटिलिटी शिफ्टिंग (बिजली के खंभे और पाइपलाइन हटाना) के लिए निर्धारित किए गए हैं, जबकि निर्माण कार्य के लिए 445 करोड़ रुपए का टेंडर भी जारी किया जा चुका है।
निर्माण की तैयारियों को लेकर उन्होंने स्पष्ट किया कि आगामी अप्रैल माह के अंत तक सड़क का कार्य जमीनी स्तर पर शुरू हो जाएगा। प्रथम चरण के पूर्ण होने के बाद अगले चरणों में राजपुरा रोड, सरवाड़ टोल प्लाजा और नसीराबाद तक नई फोरलेन सड़क का विस्तार किया जाएगा। विधायक ने आत्मविश्वास के साथ यह भी साझा किया कि नसीराबाद-देवली फोरलेन सड़क का शिलान्यास और उद्घाटन दोनों उनके इसी कार्यकाल में संपन्न होंगे, जिससे क्षेत्र के विकास को एक नई और स्थायी दिशा मिलेगी।



