(वेदर न्यूज़)
Deoli News 18 अप्रैल (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) क्षेत्र में शनिवार को मौसम के मिजाज में आए तीखे बदलाव ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। इस सीजन में पहली बार अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

जिसने अप्रैल के महीने में ही भीषण गर्मी का एहसास करा दिया। चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं के चलते लोगों का हाल बेहाल हुए। दोपहर के समय सूरज के तल्ख तेवरों से बचने के लिए राहगीर अपने चेहरों को दुपट्टे और रुमाल से ढककर निकलते दिखाई दिए। महिलाओं ने भी धूप से बचाव के लिए छतरी और दुपट्टों का सहारा लिया। भीषण गर्मी का सीधा असर शहर के मुख्य बाजारों में भी देखने को मिला, जहां दोपहर के वक्त आवाजाही काफी कम रही और सन्नाटा पसरा रहा। हालांकि शादियों का सीजन होने के कारण लोग जरूरी खरीदारी के लिए मजबूरन बाहर निकल रहे हैं।
जिससे बाजार में केवल वैवाहिक खरीदारी का दौर ही नजर आ रहा है। गर्मी की इस मार से केवल इंसान ही नहीं, बल्कि मवेशी और पक्षी भी त्रस्त हैं। गलियों और मुख्य चौराहों पर गायें और अन्य पशु पेड़ों की छांव में दुबके नजर आए, वहीं पक्षी भी दिनभर ठंडक वाली जगहों की तलाश में भटकते रहे। आलम यह है कि बैसाख के महीने में ही लोगों को जेठ की तपती दोपहर जैसी स्थिति का सामना करना पड़ रहा है।
जिससे आने वाले दिनों में गर्मी के और विकराल होने की संभावना जताई जा रही है, जो आगामी 24 अप्रैल को अधिकतम तापमान 41 डिग्री रहने के असार है।


