भाभी ने दर्ज कराया था मामला
Deoli News 26 अप्रैल (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) टोंक पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार डीएसपी हेमराज मुंड के मार्गदर्शन में देवली थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बैंक धोखाधड़ी के आरोपी भाई को गिरफ्तार किया है।
थाना प्रभारी दौलतराम गुर्जर ने बताया कि यह मामला एक सगे भाई द्वारा अपने ही मृतक भाई की जमा राशि और बीमा के पैसे अवैध रूप से निकालने से जुड़ा है। मामले की शुरुआत तब हुई जब पीड़िता आरती योगी निवासी राजकोट देवली थाने में एक रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनके पति दिनेशनाथ योगी की मृत्यु के बाद उनके बैंक खाते में बीमा राशि और अन्य धन जमा था। आरोप लगाया कि प्रार्थिया के देवर ने उनकी जानकारी के बिना, मृतक के मोबाइल नंबर का उपयोग कर फोन पे और यूपीआई आईडी बनाई।
वहीं 4 जनवरी 2025 से 10 अक्टूबर के बीच करीब 7 लाख रुपए धोखाधड़ी से निकाल लिए। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, बैंक विवरण और यूपीआई ट्रांजैक्शन रिकॉर्ड का गहन विश्लेषण किया, जिससे आरोपी की संलिप्तता सिद्ध हुई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और वर्तमान में वह पुलिस रिमांड पर है।
ताकि हड़पी गई राशि और अन्य संपत्तियों की बरामदगी की जा सके। धोखाधड़ी का आरोपी बुद्धिप्रकाश योगी पुत्र किशनलाल योगी है। वह रिश्ते में मृतक दिनेशनाथ योगी का सगा भाई है।


