Deoli News 27 अप्रैल (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को टोंक से वर्चुअल माध्यम द्वारा राजस्थान के टोंक, बूंदी, चूरू, पाली, प्रतापगढ़, डूंगरपुर एवं बाड़मेर जिलों के नवनिर्मित जिला कार्यालयों का भव्य लोकार्पण किया और जालोर कार्यालय का शिलान्यास संपन्न किया।

इस अवसर पर उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कार्यालय केवल ईंट-पत्थर का भवन नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं के विचारों, ऊर्जा और संगठन की वैचारिक शक्ति के जीवंत केंद्र होते हैं। उन्होंने 2047 के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने का आह्वान करते हुए कहा कि भाजपा आज लाखों समर्पित कार्यकर्ताओं के त्याग और परिश्रम के बल पर विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के रूप में स्थापित हुई है। नितिन नवीन ने राज्य की भजनलाल सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और ऐतिहासिक नारी शक्ति वंदन अधिनियम की सराहना करते हुए विपक्ष पर महिलाओं के अधिकार छीनने का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा अंत्योदय के पथ पर चलते हुए समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुँचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
प्रदेश प्रभारी डॉ. राधामोहन दास अग्रवाल ने राजस्थान के शौर्यपूर्ण इतिहास का स्मरण करते हुए संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सशक्त बनाने पर जोर दिया। वहीं प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियों का विवरण देते हुए कार्यकर्ताओं को विपक्ष द्वारा फैलाए जा रहे झूठ और भ्रम के प्रति सजग रहने का संदेश दिया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा नेकहा कि ‘राइजिंग राजस्थान’ पहल और ईआरसीपी जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स के माध्यम से प्रदेश में निवेश, जल प्रबंधन और युवाओं के लिए रोजगार के अभूतपूर्व अवसर सृजित हो रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अतिथियों ने जिलाध्यक्ष चंद्रवीर सिंह चौहान को नए कार्यालय में विधिवत कार्यभार ग्रहण करवाया।

यह थे मौजूद
समारोह में कैबिनेट मंत्री कन्हैयालाल चौधरी, हीरालाल नागर, विधायक राजेंद्र गुर्जर, पूर्व कृषि मंत्री डॉ. प्रभुलाल सैनी समेत संबोधित किया। इस दौरान पूर्व सांसद सुखवीर सिंह जोनपुरिया, भाजपा महामंत्री डॉ. मिथिलेश गौतम, विजय बैंसला, पूर्व विधायक अजित सिंह मेहता, पूर्व जिलाध्यक्ष राजेंद्र पराना, सतीश चंदेल, गणेश माहुर, सत्यनारायण चौधरी, शंकर लाल ठाडा, पूर्व जिला प्रमुख सरोज बंसल, जिला महामंत्री विष्णु शर्मा, प्रभु बाडोलिया, संत कुमार जैन और शैलेन्द्र चौधरी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



