विवेकानंद कॉलोनी में उड़े चद्दर
Deoli News 3 मई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर और आस-पास के इलाकों में मौसम के मिजाज ने आम जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। शनिवार रात लगातार तीसरे दिन भी प्रकृति का कहर देखने को मिला, जहां तेज धूल भरी आंधी के साथ मूसलाधार बारिश हुई।
रात करीब 9:30 बजे अचानक मौसम बदला और देखते ही देखते अंधड़ शुरू हो गया। इस चक्रवाती आंधी की रफ्तार इतनी तेज थी कि शहर के कई मोहल्लों में पेड़-पौधों की टहनियां टूटकर गिर गईं और कई घरों के बाहर रखा सामान हवा में उड़ गया। तूफान का असर विवेकानंद कॉलोनी में देखने को मिला, जहां एक मकान की छत पर रखे लोहे के चद्दर उखड़कर नीचे जमीन पर आ गिरे। गनीमत यह रही कि उस समय वहां कोई मौजूद नहीं था।
जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। रातभर कड़कती बिजली और तेज हवाओं के कारण घरों के अंदर धूल की परतें जम गईं। इस दौरान सुरक्षा के लिहाज से बिजली बंद रही, जिससे शहर के कई हिस्से अंधेरे में डूबे रहे।
“दिन में गर्मी, रात में ठंडक”
पिछले तीन दिनों से चल रहे इस सिलसिले ने तापमान के गणित को बिगाड़ दिया है। जहां रात को होने वाली आंधी और बारिश से मौसम में ठंडक घुल रही है और लोगों को गर्मी से राहत मिल रही है, वहीं दिन के समय तेज धूप और भीषण गर्मी का दौर यथावत बना हुआ है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, मौसम का यह रुख रविवार को भी जारी रह सकता है और क्षेत्र में फिर बारिश होने की संभावना है।



