जीवनदायिनी 108 ने दिया धोखा, भीलवाड़ा रेफर मरीज को दूसरी व्यवस्था से पहुंचाया गया अस्पताल
@मोहम्मद आज़ाद नेब
Jahazpur News 5 जून (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) उपजिला चिकित्सालय की 108 एम्बुलेंस सेवा की लापरवाही एक बार फिर सामने आई है। सांस लेने में तकलीफ से पीड़ित एक बच्चे को चिकित्सकों द्वारा भीलवाड़ा रेफर किया गया था। लेकिन मरीज को लेकर जा रही 108 एम्बुलेंस शाहपुरा रोड पर नगर पालिका के समीप ही अचानक बंद हो गई।
इससे मरीज और उसके परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ा तथा बच्चे की जान भी जोखिम में पड़ गई। जानकारी के अनुसार गंभीर हालत में बच्चे को बेहतर उपचार के लिए भीलवाड़ा रेफर किया गया था। परिजन उम्मीद कर रहे थे कि 108 एम्बुलेंस सेवा समय पर मरीज को अस्पताल पहुंचा देगी, लेकिन बीच रास्ते में एम्बुलेंस के खराब हो जाने से स्थिति चिंताजनक बन गई। बाद में वैकल्पिक व्यवस्था कर मरीज को आगे उपचार के लिए भेजा गया। घटना के बाद चिकित्सालय प्रशासन भी हरकत में आया।
ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिलीप मीणा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कहा कि मरीजों की जान से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं हैं। उन्होंने बताया कि मामले की जांच कर 108 एम्बुलेंस चालक को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा तथा लापरवाही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों ने भी एम्बुलेंस सेवाओं के नियमित रखरखाव और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की है।
ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और मरीजों को समय पर उपचार मिल सके। गौरतलब है कि नगर के लोगों ने गुरुवार को ही उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंप कर चिकित्सालय में डॉक्टर लगाने एवं आमजन को राहत पहुंचाने की मांग को लेकर ज्ञापन भी दिया था।


