उपखंड अधिकारी को सौंपा ज्ञापन
Deoli News 18 जून (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) राजस्थान शिक्षक संघ (शेखावत) शाखा देवली के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को उपखंड अधिकारी कार्यालय पहुंचकर शिक्षकों की लंबित मांगों के समर्थन में ज्ञापन सौंपा। तहसील अध्यक्ष शिशुपाल चौधरी ने बताया कि प्रदेश के शिक्षकों और विद्यार्थियों से जुड़े ज्वलंत मुद्दों का समय पर समाधान अनिवार्य है।
संघ ने टेट की अनिवार्यता का न्यायसंगत समाधान करने, नव चयनित शारीरिक शिक्षकों के स्थाईकरण आदेश जारी करने, आरजीएचएस योजना को निरंतर रखने और गत 2 जून के वित्त विभाग के आदेश की समीक्षा कर शिक्षकों से की जा रही वसूली पर रोक लगाने की मांग प्रमुखता से रखी। संघ ने ग्रीष्मकालीन अवकाश पूर्ववत लागू कर शैक्षणिक सत्र एक जुलाई से शुरू करने, पोषाहार व ट्रांसपोर्ट वाउचर का बकाया भुगतान करने, मदरसा बोर्ड के समस्त शिक्षा व कंप्यूटर अनुदेशकों को नियमित करने तथा विद्यालयों में स्टाफ, बिजली, पानी, कमरों की समुचित व्यवस्था, सफाईकर्मी की नियुक्ति व स्थानांतरण नीति लागू करने की मांग की।
प्रदेश प्रतिनिधि कमलेश शर्मा ने बताया कि पूर्व में 7 अप्रैल को ब्लॉक स्तर व मई माह में जिला स्तर पर प्रदर्शनों के बावजूद मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि मांगें अनसुनी रहीं तो संगठन बड़े आंदोलन के लिए मजबूर होगा। यहां तहसील अध्यक्ष शिशुपाल चौधरी, मंत्री कैलाश शर्मा, संजय चौधरी, अरुण माहेश्वरी, मदरसा शिक्षा अनुदेशक राधेश्याम धाकड़ और जाकिर हुसैन सहित कई शिक्षक थे।



