Thursday, June 25, 2026
No menu items!
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
HomeDainik Bureau Deskनिर्जला एकादशी पर उमड़ी आस्था, श्रद्धालुओं ने की विशेष पूजा-अर्चना

निर्जला एकादशी पर उमड़ी आस्था, श्रद्धालुओं ने की विशेष पूजा-अर्चना


Deoli News 25 जून (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) निर्जला एकादशी पर गुरुवार को शहर और आसपास के सभी प्रमुख देवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। भक्तों ने कतारबद्ध होकर भगवान के दर्शन किए और पुण्य लाभ अर्जित किया।

शहर के कुचलवाड़ा रोड स्थित विद्युत निगम कार्यालय में विराजमान भगवान श्रीसांवरिया सेठ के दरबार में सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा। यहां श्रद्धालुओं ने मंडफिया धाम नरेश श्री सांवरिया सेठ के पीत रंग रूपी मनमोहक विग्रह के दर्शन कर धन्य हुए। आरती के दौरान मंदिर परिसर श्रद्धालुओं की जयकारों से गूंज उठा। निर्जला एकादशी का व्रत कर रही महिलाओं ने मंदिर पहुंचकर ठाकुर जी को जल से भरा कलश, फल, पंखी और दक्षिणा भेंट कर विशेष पूजा की। इसी तरह सिरोही स्थित श्री खाटू श्याम धाम में भी सुबह से ही बड़ी संख्या में भक्त दर्शन के लिए पहुंचे। ‘हारे का सहारा खाटू श्याम हमारा’ के जयकारे गूंजे। इस दौरान भक्तों की ओर से श्रद्धालुओं के लिए शरबत का वितरण किया गया। भक्तों ने भगवान को फल आदि का भोग लगाकर प्रसाद स्वरूप अन्य श्रद्धालुओं में वितरित किया। देवली, दौलता, पनवाड़ और अंबापुरा समेत आसपास के क्षेत्रों से कई श्रद्धालु पदयात्रा करते हुए सिरोही धाम पहुंचे और ठाकुर जी के दर्शन कर मनोकामनाएं मांगी।

शहर के श्रीचारभुजानाथ मंदिर और लक्ष्मीनाथ मंदिर सहित अन्य देवालयों में भी दिनभर श्रद्धालुओं की चहल-पहल बनी रही। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, निर्जला एकादशी का उपवास सभी एकादशियों में सर्वोच्च और अत्यंत फलदायी माना गया है। इस दिन किया गया दान-पुण्य और भजन-कीर्तन अनंत गुना फल प्रदान करने वाला होता है, जिसके चलते भक्तों में उत्साह देखा गया। श्रद्धालुओं ने बिना जल के एकादशी का उपवास किया।

इसके अलावा कई श्रद्धालु मंडपियाधाम और खाटू धाम भी पहुंचे जहां भगवान के विग्रह के दर्शन किए। एकादशी को लेकर श्रद्धालुओं ने गौ सेवा भी की।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

%d