-
देवली पुलिस ने लौटाया भरोसा
-
पुलिस को मिला था लावारिस ट्रॉली बैग
Deoli News 3 जुलाई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) देवली पुलिस ने कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए लाखों रुपए मूल्य के स्वर्ण आभूषणों से भरा लावारिस बैग उसके असली मालिक को सुरक्षित लौटा दिया है। इस नेक काम में हेड कांस्टेबल अब्दुल वहाब का अहम योगदान रहा।
थाना प्रभारी दौलतराम गुर्जर के अनुसार गत 23 जून की रात करीब 2 बजे पुलिस थाना देवली की डायल-112 टीम ने गश्त के दौरान जयपुर रोड पर सड़क के बीच एक ट्रॉली बैग लावारिस अवस्था में पाया। गश्त टीम में हेड कांस्टेबल अब्दुल वहाब थे। पुलिस ने तुरंत बैग को उठाया और उसके स्वामी की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने होटल संचालकों और बस चालकों के माध्यम से बैग की जानकारी जुटाई। प्रयासों के बाद बैग के स्वामी की पहचान अक्षय सोनी पुत्र नारायण सोनी निवासी मोची बाजार बूंदी व हाल परिचर्या अधिकारी एम्स नई दिल्ली के रूप में हुई।
अक्षय सोनी ने बताया कि बूंदी से दिल्ली यात्रा के दौरान बैग गिर गया था। शुक्रवार को अक्षय सोनी पुलिस थाना देवली पहुंचे, जहां पहचान और सत्यापन के बाद बैग उन्हें लौटा दिया गया। पुलिस की रिपोर्ट के अनुसार बैग के अंदर करीब 20 ग्राम वजन की छह स्वर्ण अंगूठियां, 20 ग्राम वजन का एक स्वर्ण हार, 10 हजार रुपए नकद और अन्य निजी सामान सुरक्षित मिला। इस लिहाज से यह सोना लाखों रुपए का है। इस काम मे विशेष रूप से देवली थाने के हेड कांस्टेबल अब्दुल वहाब ने बैग के स्वामी की तलाश में अहम भूमिका निभाई।



