Deoli News 6 जुलाई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) राजकीय उप जिला अस्पताल देवली परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़ा हो रहा है। हाल ही में अस्पताल में चार्जिंग पर लगा एक युवक का एंड्रॉइड 5G मोबाइल चोरी हो गया।
पीड़ित रामप्रसाद बैरवा निवासी कुशालपुरा (थाना दूनी) ने बताया कि वह गत 4 जुलाई को एलडीसी की परीक्षा देने टोंक जा रहा था। उसने यहां अस्पताल की इंदिरा रसोई में खाना खाया। इस दौरान उसने अस्पताल परिसर में फर्स्ट फ्लोर जाने वाली रैम्प के पास अपना मोबाइल चार्जिंग पर लगाया और पास ही बेंच पर कुछ देर विश्राम करने लगा। यहां दोपहर एक से 2 बजे के बीच अज्ञात व्यक्ति ने मौका पाकर उसका मोबाइल पार कर दिया। सोमवार को पीड़ित ने अस्पताल प्रभारी डॉ. रविराज सिंह से मुलाकात कर मौखिक शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद प्रबंधन ने सीसीटीवी फुटेज खंगालकर संदिग्ध की तलाश शुरू कर दी है।
दरअसल रात्रि के समय डीडीसी (दवा वितरण केंद्र) के पास नशेड़ियों और स्मेक व शराब का सेवन करने वालों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे चोरी और अन्य वारदातों का खतरा बना रहता है। इस गंभीर समस्या को लेकर पूर्व में भी हनुमान नगर और देवली थाना पुलिस को सूचित कर रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की गई थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। अस्पताल प्रबंधन की मांग है कि यदि स्थानीय पुलिस रात के समय बारी-बारी से गश्त करे, तो इन असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाया जा सकता है।
सिक्योरिटी गार्ड की भी है योजना
अस्पताल प्रभारी डॉ. रविराज सिंह ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए एमआरएस के जरिए तीन सिक्योरिटी गार्ड लगाने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है।
जल्द ही 8-8 घंटे की शिफ्ट में 3-3 सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाएंगे, जिससे न केवल चोरी जैसी वारदातों पर रोक लगेगी, बल्कि आए दिन स्टाफ के साथ होने वाली बदतमीजी की घटनाओं पर भी लगाम लग सकेगी।


