Deoli News 19 जुलाई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर के राजकीय उपजिला अस्पताल में भर्ती एक व्यक्ति की रविवार दोपहर उपचार के दौरान मौत हो गई। सूचना के बाद देवली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाकर मृतक की शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए।
मृतक मानसिक अस्वस्थ प्रतीत होता है। जानकारी के अनुसार रविवार सुबह स्थानीय लोगों को कोटा रोड स्थित एक पेट्रोल पंप के पास गली में एक अधेड़ व्यक्ति अचेत अवस्था में मिला था। लोगों ने उसे उपचार के लिए राजकीय उपजिला अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां उसका उपचार चल रहा था। इसी दौरान दोपहर करीब 2:30 बजे उसकी अचानक तबीयत बिगड़ गई और उसने दम तोड़ दिया। चिकित्सक डॉ. कपिल मीणा ने ईसीजी जांच के बाद उसे मृत घोषित किया। इसके बाद अस्पताल प्रशासन की सूचना पर देवली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को मोर्चरी में रखवाया। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।
मृतक ने हरे रंग की टी-शर्ट और नीले रंग का निकर पहन रखा है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटाने के साथ ही मृतक की शिनाख्त के प्रयास कर रही है। अस्पताल में देवली थाने से हैड कांस्टेबल कुलदीप सिंह, कांस्टेबल हरीश कुमार और दुर्गालाल पहुंचे तथा कार्रवाई शुरू की।


