Deoli News 22 जुलाई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में बुधवार सुबह मानसून ने मजबूती से दस्तक दी। सुबह करीब 8 बजे शुरू हुई झमाझम बारिश लगभग एक घंटे तक लगातार होती रही।
तेज बारिश से पिछले कई दिनों से पड़ रही उमस और गर्मी से लोगों को बड़ी राहत मिली तथा मौसम खुशनुमा हो गया। बारिश के दौरान शहर की सड़कों पर पानी बहने लगा। सुबह स्कूल का समय होने से स्कूली बच्चों और अभिभावकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि बारिश थमने के कुछ समय बाद अधिकांश स्थानों से पानी की निकासी हो गई।।शहर के कुछ निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति भी बनी। विवेकानंद कॉलोनी में न्यायालय के पीछे पानी भर गया। हालांकि कुछ देर बाद पानी निकलने से स्थिति सामान्य हो गई। मौसम विभाग की ओर से पहले ही बुधवार को मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ वर्षा की संभावना जताई गई थी, जो सही साबित हुई।
आगामी दिनों में भी मानसून सक्रिय रहने तथा रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। बुधवार को देवली का अधिकतम तापमान 29.7 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है। दिनभर आसमान में बादल छाए रहने और मध्यम बारिश के आसार बने हुए हैं।


