Deoli News 31 जुलाई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) सावन शुरू होते ही शहर से जाने वाली विभिन्न पदयात्राओं की तैयारियां शुरू हो चुकी है। देवली से कोटड़ी श्रीचारभुजानाथ की 27वीं पदयात्रा आगामी 20 अगस्त को श्रद्धा एवं उत्साह के साथ रवाना होगी।
पदयात्रा का समापन 23 अगस्त को कोटड़ी चारभुजा नाथ मंदिर में ध्वज अर्पण के साथ होगा। पदयात्रा की शुरुआत से पूर्व शुक्रवार को क्षेत्र के प्रसिद्ध बोयड़ा गणेश जी महाराज मंदिर में प्रथम पूज्य भगवान गणेश को यात्रा का पहला निमंत्रण अर्पित किया गया। श्रद्धालुओं ने विधिवत पूजा-अर्चना कर पदयात्रा के सफल एवं मंगलमय आयोजन की प्रार्थना की। यात्रा समिति के अध्यक्ष रामेश्वर दिया व राकेश दीया ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस बार भी पदयात्रा पूरे श्रद्धाभाव एवं धूमधाम के साथ निकाली जाएगी। पदयात्रा देवली से प्रारंभ होकर जहाजपुर, रोंपा और बिरधोल होते हुए कोटड़ी पहुंचेगी। वहां भव्य शोभायात्रा के साथ चारभुजानाथ मंदिर में ध्वज अर्पित किया जाएगा। समिति ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से पदयात्रा में शामिल होकर धर्म लाभ लेने की बात कही है।




