करोड़ों रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण, शिलान्यास व भूमि पूजन
Jahazpur News 6 अगस्त (मोहम्मद आज़ाद नेब) जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री कन्हैयालाल चौधरी ने गुरुवार को विधायक गोपीचंद मीणा की मौजूदगी में जहाजपुर विधानसभा क्षेत्र में करोड़ों रुपए की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण, शिलान्यास एवं भूमिपूजन किया।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षा, पेयजल, सड़क, कृषि विपणन एवं विद्युत विभाग से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की सौगात क्षेत्रवासियों को मिली। कार्यक्रम के तहत बोराणी स्थित महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय में नव निर्मित चार अतिरिक्त कक्षा-कक्षों का लोकार्पण किया गया। साथ ही बोराणी से सहलादाता तक निर्मित सीसी सड़क का लोकार्पण, नगर पालिका क्षेत्र की पेयजल व्यवस्था सुदृढ़ीकरण कार्य का शिलान्यास, सरसिया में 2000 केएल क्षमता के उच्च जलाशय एवं पाइपलाइन निर्माण कार्य तथा पीपलून्द में डीएमएफटी मद से निर्मित पाइपलाइन कार्य का भी लोकार्पण किया गया। यहकैबिनेट मंत्री कन्हैयालाल चौधरी एवं विधायक गोपीचंद मीणा ने अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (अजमेर डिस्कॉम) के अधिशाषी अभियंता कार्यालय भवन का भूमि पूजन तथा फल एवं सब्जी मंडी स्थापना कार्य का भूमिपूजन एवं शिलान्यास भी किया।
विधायक गोपीचंद मीणा ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में जहाजपुर विधानसभा क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने क्षेत्र को सैकड़ों विकास कार्यों की सौगात दी है और जितना विकास वर्तमान सरकार के कार्यकाल में हुआ है, उतना पहले किसी सरकार ने नहीं कराया। इसके लिए क्षेत्र की जनता मुख्यमंत्री की आभारी है। कार्यक्रम में उपखंड अधिकारी छत्रपाल सिंह, किशोर शर्मा, चेयरमैन नरेश मीणा, सीआई यादराम चौधरी, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों, स्थानीय लोग एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण थे।



