भाजपा के शिव भगवान पाठक रहे निकटतम प्रतिद्वंद्वी
Deoli News 14 सितंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) देवली नगर पालिका चुनाव के सोमवार को हायर सेकेंडरी परिसर में घोषित हुए परिणामों में वार्ड नंबर 23 का मुकाबला खास चर्चा में रहा। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भीमराज जैन ने जीत दर्ज करते हुए लगातार सातवीं बार पार्षद बनने का गौरव हासिल किया।
उनकी जीत के साथ ही नगर पालिका की राजनीति में उनके लंबे अनुभव और मजबूत जनाधार की एक बार फिर पुष्टि हुई है। वार्ड 23 से कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में मैदान में उतरे भीमराज जैन के सामने भाजपा के शिव भगवान पाठक प्रमुख प्रतिद्वंद्वी थे। मतगणना के बाद जैन ने जीत दर्ज कर कांग्रेस के भरोसे को सही साबित किया। भीमराज का नगर पालिका की राजनीति में अनुभव रहा है। इससे पहले वे वार्ड नंबर 17 से पार्षद रह चुके हैं, जबकि उनकी पत्नी सीता देवी वार्ड नंबर 20 से पार्षद रही थीं। उस समय दोनों ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव जीतकर नगर पालिका में प्रतिनिधित्व किया था।
इस बार कांग्रेस ने भीमराज जैन को पार्टी का प्रत्याशी बनाया और उन्होंने चुनाव जीतकर पार्टी के विश्वास पर खरा उतरते हुए अपनी राजनीतिक पकड़ कायम रखी। सातवीं बार पार्षद चुना जाना भीमराज जैन के लिए व्यक्तिगत उपलब्धि के साथ देवली की स्थानीय राजनीति में उनके राजनीतिक सफर का भी प्रमाण माना जा रहा है।



