बजरी माफियाओं का आतंक
Deoli News 2 अक्टूबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) दूनी के घाड़ रोड पर बजाज शोरूम के पास गुरुवार रात बजरी से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर बिजली के टावर नमा पोल से टकराने के बाद पलट गई। टक्कर इतनी तेज थी कि लोहे का पोल झुक गया। वही ट्राली से बजरी भी बिखर गई।
हालांकि गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। हादसे के बाद क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई और करीब छह घंटे तक शहर के कई हिस्सों में अंधेरा छाया रहा। स्थानीय लोगों की सूचना पर विद्युत निगम की टीम ने मरम्मत कार्य कर आपूर्ति बहाल करवाई। घटना के बाद वाहन चालक मौके से ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर रवाना हो गया। लेकिन पुलिस तब तक भी घटनास्थल पर नहीं पहुंच सकी। कुछ देर बाद दूनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और स्थानीय इनपुट के आधार पर वाहन चालक की तलाश कर रही है तथा मामले की अग्रिम जांच जारी है।



