Deoli News 4 अक्टूबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर के कोटा रोड स्थित होटल राज भवर से आगे रविवार रात कचरे में लगी आग की चपेट में आने से सड़क किनारे खड़ी एक कार धधक उठी। आग की लपटें उठती देख मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और कुछ देर के लिए कोटा रोड पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार रात करीब 8 बजे प्रहलाद प्लाजा के पास अंसारी एल्यूमिनियम एंड ग्लास के बोर्ड के समीप कचरे में आग लगी थी। देखते ही देखते आग पास खड़ी कार तक पहुंच गई और पूरी कार धधकने लगी। आग की ऊंची लपटें उठने से आसपास के लोगों में भी दहशत फैल गई। सूचना पर नगर पालिका की दमकल मौके पर पहुंची और पानी की बौछार कर कुछ ही मिनटों में आग पर काबू पा लिया। बताया गया कि कार पंकज सेन की थी। दमकलकर्मियों की सूचना के अनुसार जो काफी समय से वहां खड़ी थी। लोगों के अनुसार कार स्विफ्ट वीडीआई थी और वर्तमान में रनिंग कंडीशन में नहीं थी। आग की लपटें बढ़ती देख पास की दुकान के मालिक भी मौके पर पहुंचे और दुकान के बाहर रखे तेल के ड्रमों को तत्काल हटाया। दमकल के पहुंचने और आग बुझाने तक मौके पर लोगों की भीड़ जमा रही।



