महिला सुरक्षा के लिए सिविल ड्रेस में भी होगी गश्त
Deoli News 13 अक्टूबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) नवरात्र में अटल उद्यान में आयोजित हो रहे डांडिया महोत्सव के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस सतर्क रहेगी। पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार कालिका पेट्रोलिंग यूनिट द्वारा विशेष निगरानी रखी जाएगी।
संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए यूनिट सिविल ड्रेस में भी गश्त करेगी। नवरात्र पर्व पर देवली थाने की कालिका पेट्रोलिंग यूनिट लगातार नौ दिनों तक शक्ति सुरक्षा अभियान चलाकर महिला सुरक्षा के प्रति जागरूकता और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित कर रही है। इसी तरह डांडिया महोत्सव सहित अन्य सार्वजनिक आयोजनों में भी महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा और सम्मान को प्राथमिकता दी जाएगी। पुलिस के अनुसार महिलाओं एवं बालिकाओं के साथ छेड़छाड़, अभद्र व्यवहार या किसी भी प्रकार की अनुचित हरकत करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कालिका पेट्रोलिंग यूनिट का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं में सुरक्षा की भावना मजबूत करना और उन्हें भयमुक्त वातावरण उपलब्ध करवाना है। इसे लेकर सोमवार को शुरू हुए डांडिया महोत्सव में तालिका यूनिट की हेड कांस्टेबल रजिया बानो, गायत्री और शकुंतला ने महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था देखी। यूनिट की पुलिसकर्मियों ने यहां महिलाओं के बीच जाकर उनसे बातचीत भी की और किसी भी तरह की बात होने पर पुलिस को सूचना देने को कहा।



