Monday, November 2, 2026
No menu items!
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
HomeAdministrationदेवली सहित पांच पंचायत समितियों में मंगलवार को मतदान, पुलिस ने निकाला...

देवली सहित पांच पंचायत समितियों में मंगलवार को मतदान, पुलिस ने निकाला फ्लैग मार्च


Deoli News 2 नवंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तीसरे चरण के तहत 3 नवंबर को देवली सहित जिले की पांच पंचायत समितियों एवं जिला परिषद के संबंधित वार्डों में मतदान होगा। इसे लेकर प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।

सोमवार को राजकीय महाविद्यालय टोंक से अंतिम प्रशिक्षण के बाद मतदान दल ईवीएम, बैलेट पेपर एवं अन्य निर्वाचन सामग्री लेकर निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना हुए। वहीं चुनाव के मद्देनजर देवली थाना पुलिस ने सरोली, पनवाड़, चांदली सहित विभिन्न क्षेत्रों में फ्लैग मार्च कर सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने का संदेश दिया।

478 मतदान केंद्रों पर 4.46 लाख मतदाता करेंगे मतदान

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलक्टर टीना डाबी ने बताया कि तीसरे चरण में देवली, मालपुरा (आंशिक), पचेवर, पीपलू एवं उनियारा पंचायत समितियों के कुल 86 वार्डों तथा जिला परिषद के 17 वार्डों में मतदान होगा। इसके लिए 478 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इन क्षेत्रों में कुल 4 लाख 46 हजार 543 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे।

इनमें 2 लाख 29 हजार 178 पुरुष एवं 2 लाख 17 हजार 365 महिला मतदाता शामिल हैं। मतदान मंगलवार सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। प्रशासन ने मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। मतदान दलों की रवानगी के दौरान चुनाव पर्यवेक्षक सलोनी खेमका भी मौजूद रहीं।

देवली क्षेत्र में पुलिस का फ्लैग मार्च

पंचायत चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को देवली थाना पुलिस ने सरोली, पनवाड़, चांदली सहित विभिन्न स्थानों पर फ्लैग मार्च किया। इसका उद्देश्य आमजन में सुरक्षा का विश्वास कायम करना तथा चुनाव के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने का संदेश देना रहा। पुलिस ने आमजन से निर्भीक होकर मतदान करने और शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की।

मतदाताओं के लिए जरूरी जानकारी

मतदान के दौरान मतदाताओं को निर्धारित मतदान केंद्र पर जाकर अपने मताधिकार का प्रयोग करना होगा। मतदाता सूची में नाम होना आवश्यक है। मतदान केंद्र पर निर्वाचन आयोग द्वारा मान्य पहचान दस्तावेज साथ रखें। मतदान केंद्रों पर मतदान की गोपनीयता बनाए रखना तथा चुनाव संबंधी नियमों का पालन करना जरूरी है।

5 नवंबर को पंच-सरपंच के लिए मतदान

जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के लिए 3 नवंबर को मतदान होगा। वहीं पंच एवं सरपंच पदों के लिए 4 नवंबर को नामांकन प्रक्रिया संपन्न होगी। इसके अगले दिन 5 नवंबर को सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान कराया जाएगा। उपसरपंच का चुनाव 6 नवंबर को निर्धारित है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here