(धनतेरस विशेष)
Deoli News 5 नवंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) धनतेरस का पर्व 6 नवंबर को मनाया जाएगा। सुख-समृद्धि और धन वृद्धि के प्रतीक इस पर्व पर सोना-चांदी खरीदने का विशेष महत्व है। हालांकि, इनके अलावा भी पांच ऐसी चीजें हैं, जिन्हें धनतेरस पर खरीदना शुभ माना जाता है।
ज्योतिषाचार्य बाबूलाल शास्त्री ने बताया कि मान्यताओं के अनुसार धनतेरस पर कुछ विशेष वस्तुओं की खरीदारी और पूजा करने से घर में सुख-समृद्धि आती है तथा मां लक्ष्मी और भगवान कुबेर की कृपा बनी रहती है। धनतेरस पर पान के पत्ते खरीदकर मां लक्ष्मी और भगवान धनवंतरी की पूजा में अर्पित करना शुभ माना जाता है। इसी तरह दो सुपारी खरीदकर मां लक्ष्मी को अर्पित करने और पूजा के बाद इन्हें लाल या पीले कपड़े में बांधकर तिजोरी में रखने की परंपरा है। धनतेरस पर बताशे खरीदकर मां लक्ष्मी को भोग लगाने और प्रसाद के रूप में लोगों में वितरित करने का भी विशेष महत्व बताया गया है।
वहीं, साबुत धनिया खरीदकर पूजा में अर्पित करना शुभ माना जाता है। अगले दिन इसे गमले में बोने की परंपरा है। मान्यता है कि इससे कारोबार और करियर में उन्नति होती है। शास्त्री ने बताया कि धनतेरस पर कम से कम 13 दीपक जलाने का भी विशेष महत्व है। त्रयोदशी तिथि के कारण 13 दीपक जलाना शुभ माना जाता है। मान्यता है कि इन परंपराओं का पालन करने से घर में सुख-समृद्धि और धन वृद्धि होती है।
टू व्हीलर और फोर व्हीलर शोरूम पर बुकिंग जारी
धनतेरस को लेकर शहर के राजस्थान मोटर टीवीएस कंपनी पर भी चकाचक टू व्हीलर, स्कूटी, स्कूटर, इलेक्ट्रिक आइक्यूब स्कूटर खड़े हैं।
शोरूम संचालक बालकिशन मालू ने बताया कि टीवीएस कंपनी पर पेट्रोल और इलेक्ट्रिक समेत 65 वाहनों की धनतेरस के लिए बुकिंग है। वही धनतेरस पर करीब 151 वाहन बिक्री की उम्मीद जताई जा रही है। सोने चांदी के प्रतिष्ठानों पर भी धनतेरस को लेकर तैयारियां हो चुकी है।


