10 नवंबर को मनेगी गोवर्धन पूजा, 11 को भैया दूज
Deoli News 8 नवंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) दीपावली पर्व के बाद गोवर्धन पूजा और भैया दूज के पर्व को लेकर इस बार तिथियों का विशेष क्रम रहेगा। गुरु कृपा संस्थान के पं मुकेश गौतम के अनुसार इस बार दीपावली 8 नवंबर को मनाई जा रही है। 9 नवंबर को दीपावली की राम-राम की परंपरा रहेगी।

इस दिन दोपहर 12:30 बजे तक अमावस्या तिथि रहने के कारण गोवर्धन पूजा 10 नवंबर को मनाई जाएगी। वहीं 11 नवंबर को भाई-बहन के स्नेह का प्रतीक भैया दूज का पर्व मनाया जाएगा। पं गौतम ने बताया कि गोवर्धन पूजा हिंदू धर्म में विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व रखती है। इस दिन भगवान श्रीकृष्ण द्वारा गोवर्धन पर्वत उठाकर ब्रजवासियों की रक्षा करने की स्मृति में गोवर्धन महाराज की पूजा की जाती है। घरों में गोबर से गोवर्धन पर्वत की आकृति बनाकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जाती है तथा भगवान को अन्नकूट का भोग लगाया जाता है। इस अवसर पर गायों की पूजा करने और उन्हें भोजन कराने की भी परंपरा है।

गोवर्धन पूजा प्रकृति, गौवंश और अन्न के महत्व का संदेश देने वाला पर्व है। इसके अगले दिन भैया दूज पर बहनें अपने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी सुख-समृद्धि और दीर्घायु की कामना करती हैं।


