गोवर्धन पूजा मंगलवार को
Deoli News 9 नवंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर में दीपावली का पर्व परंपरागत श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। शाम 6 बजे बाद शुभ मुहूर्त के अनुसार घरों और प्रतिष्ठानों में विधि-विधान से माता लक्ष्मी का पूजन किया गया। श्रद्धालुओं ने ऋतु फल, पुष्प एवं मालाएं अर्पित कर आरती की और सुख-समृद्धि की कामना की।

दमकल केंद्र की सूचना के अनुसार दीपावली पर शहर में किसी बड़ी आगजनी की घटना या हादसे की सूचना नहीं मिली। लक्ष्मी पूजन के बाद लोगों ने बाजारों और परिचितों के बीच पहुंचकर एक-दूसरे को दीपावली की राम-श्यामा की। घरों में दीप सजाए गए और आतिशबाजी के साथ पर्व की खुशियां साझा की गईं। त्योहार के दौरान शहर में सामान्य रूप से उत्सवी माहौल बना रहा। वहीं दीपावली के अगले दिन सोमवार को बाजारों में रौनक काफी कम दिखाई दी। पिछले पांच दिनों से लगातार चल रही व्यापारिक गतिविधियों के बाद बाजारों में ग्राहकों की आवाजाही कम रही।
पटाखों और आतिशबाजी की दुकानों पर भी इक्का-दुक्का ग्राहक ही नजर आए। मुख्य बाजारों में पिछले सामान्य दिनों की तुलना में चहल-पहल कम रही और व्यापारिक गतिविधियां अपेक्षाकृत धीमी रहीं। इधर, गोवर्धन पूजा को लेकर भी शहर और आसपास के क्षेत्रों में अलग-अलग परंपराएं देखने को मिलीं। शुभ मुहूर्त के अनुसार पूजा करने वाले श्रद्धालु मंगलवार को गोवर्धन पूजा करेंगे, जबकि आसपास की कुछ कॉलोनियों में ग्रामीण महिलाओं ने सोमवार को ही गोबर से भगवान गोवर्धन का स्वरूप बनाकर पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
गोवर्धन पूजन की रात आतिशबाजी फेंकने की परंपरा पर नजर रखना चुनौती
गोवर्धन पूजन की रात शहर में कुछ युवकों द्वारा एक-दूसरे पर आतिशबाजी फेंकने की परंपरा भी सामने आती रही है। इस तरह की गतिविधियां मनोरंजन के बजाय हादसों का कारण बन सकती हैं। पिछले वर्ष भी अंबेडकर सर्कल की ओर एक युवक आतिशबाजी की चपेट में आकर घायल हो गया था। ऐसे में इस बार भी इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाना और युवकों को खतरनाक आतिशबाजी से दूर रखना पुलिस के लिए चुनौती रहेगा।
हालांकि हर वर्ष पुलिस इन युवकों पर रोक लगाने के लिए गश्त करती है फिर भी यह युवक अपने हरकतों से बाज नहीं आते हैं। लिहाजा आगजनित हादसे होने की संभावना बनी रहती है। दरअसल देवली में गोवर्धन पूजन की रात ही आतिशबाजी होने की वर्षों से परंपरा चल रही है।


