Deoli News 10 नवंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) गोवर्धन पूजा के अवसर पर मंगलवार को देवली शहर में होने वाले पारंपरिक अन्नकूट महोत्सव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसे लेकर शहर के प्रमुख मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की आवाजाही रही।
आतिशबाजी फेंकने वालों पर रहेगी पुलिस की नजर, बुलाया अतिरिक्त जाप्ता


बस स्टैंड स्थित पंचमुखी बालाजी, चारभुजानाथ मंदिर, लक्ष्मीनाथ मंदिर, सांवरिया सेठ मंदिर और गंगा गोरिया बालाजी सहित विभिन्न मंदिरों में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर आटा, दाल, मसाले और हरी सब्जियां भेंट कीं। दोपहर तक इन सामग्रियों से अन्नकूट की प्रसादी तैयार की जाएगी। शाम को ठाकुरजी सहित मंदिरों में विराजित देवी-देवताओं को भोग लगाकर श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया जाएगा। वहीं अन्नकूट को लेकर शहर के छतरी चौराहे से ममता सर्कल तक हर वर्ष की तरह सब्जी मंडी सजी। सुबह करीब 6:30 बजे से ही लोग सब्जियां खरीदने पहुंचने लगे। मंडी में सर्दियों की विभिन्न सब्जियों पालक, बैंगन, मूली और कद्दू सहित हरी सब्जियों की खूब खरीदारी हुई। कई श्रद्धालुओं ने घरों में भी अन्नकूट तैयार किया। विभिन्न हरी सब्जियों को मिलाकर पारंपरिक रामभाजा बनाया और भगवान को भोग लगाकर प्रसाद ग्रहण किया।

अन्नकूट की प्रसादी को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह रहता है। यही वजह है कि लोग सालभर इस पारंपरिक प्रसादी का इंतजार करते हैं। शहर के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों के ठाकुरजी मंदिरों में भी अन्नकूट प्रसादी बनाने और वितरण का आयोजन किया जा रहा है।


