Deoli News 9 नवंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) गोवर्धन पूजा के अवसर पर मंगलवार को शहर के प्रमुख व लगभग सभी मंदिरों में अन्नकूट महोत्सव का आयोजन होगा। इसे लेकर मंदिरों में तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। वही अन्नकूट प्रसादी पाने के लिए श्रद्धालु भी उत्सुक है।
शहर के श्री चारभुजानाथ मंदिर (अग्रवाल धर्मशाला), तेलियान समाज के लक्ष्मीनाथजी मंदिर, गंगागोरिया बालाजी, पटेल नगर स्थित ठाकुरजी मंदिर, बस स्टैंड स्थित पंचमुखी बालाजी, बावड़ी बालाजी सहित कुचलवाड़ा रोड स्थित सांवरिया सेठ मंदिर में अन्नकूट प्रसादी तैयार की जाएगी। इसे लेकर सुबह श्रद्धालु अपनी श्रद्धानुसार हरी सब्जियां, आटा, दाल, तेल, मसाले सहित अन्य खाद्य सामग्री मंदिरों में भेंट करेंगे। इसके बाद दोपहर में प्रसादी तैयार कर शाम को भगवान को भोग लगाया जाएगा और श्रद्धालुओं में वितरण होगा। श्रीचारभुजानाथ मंदिर के पुजारी अनुज ने बताया कि अन्नकूट को लेकर सब्जियों की खरीद और बर्तनों की व्यवस्था कर ली गई है।

मंगलवार को प्रसादी का भोग लगाकर श्रद्धालुओं में वितरण किया जाएगा। दरअसल अन्नकूट प्रसादी का श्रद्धालुओं को सालभर इंतजार रहता है। घरों से आने वाली अलग-अलग खाद्य सामग्री से तैयार सामूहिक प्रसादी का विशेष स्वाद इस आयोजन की खास पहचान है। यही वजह है कि श्रद्धालु हर वर्ष इस परंपरा का इंतजार करते हैं।
सांवरिया सेठ मंदिर के भंडार में मिले 2.09 लाख रुपए
इधर, अमावस्या के अवसर पर शहर के कुचलवाड़ा रोड स्थित श्री सांवरिया सेठ मंदिर का भंडार खोला गया। गणना के दौरान कुल 2 लाख 9 हजार 469 रुपए की राशि प्राप्त हुई। भंडार में इंग्लैंड का 20 रुपए तथा थाईलैंड का 10 रुपए का नोट भी मिला। बैंक बंद होने के कारण ऑनलाइन प्राप्त राशि की जानकारी उपलब्ध नहीं हो सकी।
इस दौरान मंदिर समिति के सचिव केपी सिंह नरूका, उपाध्यक्ष संपत सुवालका, कोषाध्यक्ष मनीष पाराशर, पुजारी राजकुमार शर्मा सहित शिव भगवान पाठक, अमरचंद गुप्ता, महेश सोनी, पंकज सुवालका, मनीष सुवालका, रामराय सोनी और बाबू यादव मौजूद थे।



